UNGA में मौत की सजा पर रोक का प्रस्ताव पारित

भारत ने कहा- मृत्युदंड खत्म करने पर दुनिया में सहमति नहीं, हर देश को अपना कानून बनाने का अधिकार

न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में दुनिया भर में मौत की सजा पर रोक लगाने और इसे धीरे-धीरे समाप्त करने की अपील वाला प्रस्ताव पारित हो गया। शुक्रवार को हुए मतदान में 133 देशों ने प्रस्ताव के समर्थन में वोट दिया, जबकि भारत समेत 33 देशों ने इसका विरोध किया। वहीं, 16 देश मतदान से दूर रहे।

यह प्रस्ताव मेक्सिको की ओर से पेश किया गया था। इसमें सभी देशों से मृत्युदंड पर रोक लगाने और आगे चलकर इसे पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में कदम उठाने की अपील की गई थी। भारत के अलावा अमेरिका, चीन, पाकिस्तान, जापान, ईरान और सऊदी अरब ने भी प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया।

भारत ने मृत्युदंड खत्म करने पर जताई असहमति

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव भाविका मंगलानंदन ने कहा कि दुनिया के देशों के बीच मौत की सजा समाप्त करने को लेकर कोई सहमति नहीं है। हर देश को अपने कानून और सजा तय करने का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून कुछ शर्तों के तहत मृत्युदंड देने की अनुमति देता है। भारत में यह सजा पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करने के बाद ही दी जाती है। ऐसे में कानूनी प्रक्रिया के तहत दी गई फांसी को ‘सरकार की ओर से की गई हत्या’ कहना गलत है।

भारत पहले भी कर चुका है विरोध

भाविका मंगलानंदन ने कहा कि कुछ लोग अपनी निजी सोच को अंतरराष्ट्रीय कानून के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं। भारत का रुख इस मुद्दे पर पहले भी स्पष्ट रहा है। इससे पहले भारत ने 2016, 2018 और 2024 में भी मौत की सजा पर रोक लगाने से जुड़े ऐसे प्रस्तावों का विरोध किया था।

इस मतदान के नतीजे से स्पष्ट है कि प्रस्ताव को महासभा में व्यापक समर्थन मिला, हालांकि भारत समेत कई देशों ने मृत्युदंड को अपने कानूनी अधिकार और न्यायिक व्यवस्था का हिस्सा बताते हुए इसका विरोध जारी रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button