अम्बेडकरनगर। देश की प्रमुख विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा विद्यार्थी विज्ञान मंथन (वीवीएम) 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रतियोगिता में अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनपद में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्र ने प्रतियोगिता के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया।
कार्यक्रम में विज्ञान भारती अवध प्रांत के राज्य समन्वयक नीरज यादव और जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) डॉ. सुरेश कुमार तिवारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रतियोगिता के उद्देश्य और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।
वैज्ञानिक सोच और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
डॉ. पूनम मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और नवाचार क्षमता का विकास आवश्यक है। विद्यार्थी विज्ञान मंथन विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ भारतीय वैज्ञानिक विरासत से भी परिचित कराता है।
नीरज यादव ने कहा कि यह केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और अनुसंधान संस्कृति को बढ़ावा देने का राष्ट्रीय अभियान है। वहीं डॉ. सुरेश कुमार तिवारी ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक विज्ञान आधारित अवसर पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
सभी विद्यालयों को दिए गए निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर कक्षा 6 से 8 तक के विद्यालयों तथा विभिन्न शिक्षा बोर्डों के प्रधानाध्यापकों को प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।









