एएसपी पूर्वी ने परेड की ली सलामी- पुलिस लाइन का किया व्यापक निरीक्षण

  • निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की भी की समीक्षा
  • पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और ज़रूरतों को जाना
  • अनुशासन और पारदर्शिता को बनाए रखने के दिए निर्देश

अम्बेडकरनगर। पुलिस प्रशासन की दक्षता, अनुशासन और संसाधनों की गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड में एएसपी (पूर्वी) श्याम देव ने परेड की सलामी लेकर समस्त व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। परेड के बाद उन्होंने पुलिस लाइन परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, बैरक, मेस, कार्यालय कक्षों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया। सफाई व्यवस्था की स्थिति, रजिस्टरों की अभिलेखीय अद्यतनता और हथियारों के रखरखाव को लेकर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिकार्ड संधारण में कोई लापरवाही न बरती जाए और हर स्तर पर पारदर्शिता बनी रहे।

निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया

पुलिस लाइन परिसर में चल रहे नवीन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए एएसपी श्याम देव ने संबंधित अभियंताओं से कार्यों की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा मानकहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समयबद्ध ढंग से कार्यों को पूर्ण करने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना होगा।

साफ-सफाई व्यवस्था पर दिया विशेष जोर

उन्होंने मेस और बैरक की स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति को संतोषजनक बताते हुए कहा कि साफ-सफाई में निरंतरता और अनुशासन आवश्यक है। पुलिसकर्मियों के दैनिक जीवन की मूलभूत सुविधाओं में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य बल्कि कार्यक्षमता को भी बेहतर बनाता है।

Related Posts

सड़क सुरक्षा पर प्रशासन की सख्ती

अम्बेडकरनगर में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु…

Continue reading
होमस्टे नीति–2025 : अम्बेडकर नगर में 13 आवेदनों पर समिति की बैठक

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट होमस्टे नीति–2025 के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई।…

Continue reading