
- पीड़ित परिवार ने दबंगों पर पुश्तैनी मकान कब्जाने का आरोप लगाया
- विरोध करने पर दी गई जान से मारने की धमकी
- ग्रामीण बोले—समय रहते कार्रवाई न हुई तो बिगड़ सकते हैं हालात
टांडा तहसील क्षेत्र के डीहा सुल्तानपुर गांव से दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के निवासी नरेंद्र देव ने आरोप लगाया है कि कुछ दबंगों द्वारा उनके पुश्तैनी मकान पर अवैध कब्जे की कोशिश की गई। विरोध करने पर दबंगों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित का आरोप—कब्जे की नीयत से बना रहा है दबाव
पीड़ि] नरेंद्र देव ने बताया कि उनके पिता द्वारा वैध रूप से खरीदी गई जमीन पर लंबे समय से दबंग आकाश और उसके साथी नजर गड़ाए हुए हैं। कई बार वे मकान पर कब्जे की कोशिश कर चुके हैं और अब खुलकर धमकियां भी देने लगे हैं।
उन्होंने कहा, “जब हमने विरोध किया तो गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। दबाव डालने के लिए कई बार स्थानीय स्तर पर झगड़े की कोशिश की गई है।” पीड़ित ने घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को देकर न्याय की मांग की है।
ग्रामीणों में आक्रोश, बोले—कार्यवाई हो वरना बिगड़ेगा माहौल
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गांववासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो दबंगों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
ग्रामीण रामप्रसाद यादव ने कहा, “यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, पूरे गांव की सुरक्षा और शांति का मामला है। यदि दबंगई पर अंकुश नहीं लगाया गया तो हालात और भी बिगड़ सकते हैं।”








