अंबेडकरनगर। जलालपुर तहसील क्षेत्र के बड़ेपुर स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बाउंड्रीवाल गिरने से परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो गई है। दीवार गिरने के बाद अस्पताल का एक हिस्सा खुला हो गया है। इससे स्वास्थ्यकर्मियों के आवास और अस्पताल आने वाले मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
रात में अस्पताल परिसर में पहुंच सकते हैं मवेशी
बाउंड्रीवाल नहीं होने से अस्पताल परिसर में मवेशियों और अन्य जानवरों के पहुंचने की आशंका बनी हुई है। रात के समय यह स्थिति और गंभीर हो सकती है। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव केंद्र भी संचालित होता है। प्रसव के लिए रात में महिलाओं और उनके तीमारदारों का अस्पताल आना-जाना रहता है।
आवासीय परिसर की सुरक्षा भी प्रभावित
प्रभारी अधीक्षक डॉ. भास्कर ने बताया कि बाउंड्रीवाल गिरने से अस्पताल के आवासीय परिसर में रहने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा प्रभावित हुई है। उन्होंने जल्द बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने की मांग की है।
मरीजों की आवाजाही वाले परिसर में खुला हिस्सा
स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों और स्वास्थ्यकर्मियों ने संबंधित विभाग से बाउंड्रीवाल का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दीवार का निर्माण जरूरी है।









