बसखारी (अंबेडकरनगर)। मसड़ा मोहनपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में सोमवार को बैंक का 119वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शाखा परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया और सुबह से ही बैंक परिसर की विशेष साफ-सफाई कराई गई। स्थापना दिवस के मौके पर बैंक कर्मचारियों ने केक काटकर समारोह की शुरुआत की और शाखा में पहुंचे ग्राहकों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान उप शाखा प्रबंधक संतोष भारती ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा लगातार ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनकी जमा पूंजी की सुरक्षित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभा रहा है। आधुनिक बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।
स्थापना दिवस समारोह के लिए शाखा कार्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। उप शाखा प्रबंधक संतोष भारती और हेड कैशीयर भैरदीन यादव के नेतृत्व में कर्मचारियों ने पूरे बैंक परिसर को उत्सव का स्वरूप दिया। बैंक में नियमित बैंकिंग कार्य कराने आए खाताधारकों और अन्य ग्राहकों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। कर्मचारियों ने उन्हें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
119 वर्षों की यात्रा पर कर्मचारियों ने जताई खुशी
समारोह के दौरान शाखा के कर्मचारियों ने बैंक की 119 वर्षों की यात्रा पर प्रसन्नता व्यक्त की। कर्मचारियों ने ग्राहकों के भरोसे और सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि बैंक भविष्य में भी बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। बैंक प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि ग्राहकों की सुविधा और सेवा की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।









