- क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी मारा गया
- पुलिसकर्मी की राइफल छीनकर भागने का आरोप
- 12 वर्षीय बच्ची का शव तालाब से मिला था
- पोस्टमॉर्टम में रेप और गंभीर चोटों की पुष्टि
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 12 वर्षीय बच्ची से रेप और हत्या के मामले का आरोपी प्रभास मंडल पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस के मुताबिक, क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की राइफल छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उसे गोली लगी। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बारुईपुर में 4 जुलाई को लापता हुई 12 वर्षीय बच्ची का शव अगले दिन तालाब से बरामद हुआ था। पोस्टमॉर्टम में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में प्रभास मंडल और आनंद सरदार को गिरफ्तार किया था।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे जिंदा तालाब में फेंक दिया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर, शरीर और निजी अंगों पर गंभीर चोटों के निशान मिले। फेफड़ों और पेट में पानी मिलने से स्पष्ट हुआ कि बच्ची की मौत डूबने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई।
घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने एक संदिग्ध युवक इंद्रजीत तांती की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस पर भी वारदात में शामिल होने का शक जताया गया था।









