ऑपरेशन सिंदूर के 6 शहीदों को मिला आधिकारिक सम्मान

राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के 'रोल ऑफ ऑनर' में पहली बार शामिल हुए शहीद जवानों के नाम

नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए भारतीय सशस्त्र बलों के छह जवानों के नाम पहली बार आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक कर दिए गए हैं। इन शहीदों के नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की आधिकारिक वेबसाइट के ‘रोल ऑफ ऑनर’ में शामिल किए गए हैं। साथ ही नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वॉल-3D पर वर्ष 2025 के खंड में भी उनके नाम अंकित किए गए हैं।

गौरतलब है कि 6 मई 2025 को भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक सैन्य कार्रवाई की थी। इस अभियान को भारत की आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना गया।

इसके बाद 10 मई को भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (DGMO) के बीच हुई बातचीत के बाद दोनों देशों ने सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई थी।

राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का उद्घाटन वर्ष 2019 में इंडिया गेट के पास किया गया था। यहां स्वतंत्रता के बाद देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों के नाम दर्ज किए जाते हैं। इन छह शहीदों के नाम जुड़ने के साथ ही ऑपरेशन सिंदूर भी उन सैन्य अभियानों की सूची में शामिल हो गया है, जिन्हें राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर आधिकारिक सम्मान प्रदान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button