
- सांसद करण भूषण सिंह ने दिल्ली में पीएम मोदी और अमित शाह से की मुलाकात
- मुलाकात में उनके बच्चे कामाक्षी और अमर्थ भी मौजूद रहे
- बच्चों ने पीएम मोदी को हनुमान जी का गदा भेंट किया, पीएम मुस्कुराए
नई दिल्ली। नई दिल्ली में मंगलवार को भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात में उनके साथ बेटी कामाक्षी सिंह और बेटा अमर्थ भूषण सिंह भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान कामाक्षी और अमर्थ ने पीएम मोदी को हनुमान जी का छोटा गदा भेंट किया। गदा देते समय पीएम मोदी मुस्कुराते नजर आए। उन्होंने अमर्थ से गदा के बारे में पूछा, जिस पर अमर्थ ने कहा, “ये हनुमान जी का गदा है, जिसे वे सबसे ज्यादा उपयोग करते हैं। मेरे बाबा (बृजभूषण शरण सिंह) के गले में भी हनुमान जी का गदा है।”
पीएम मोदी ने दोनों बच्चों को आशीर्वाद दिया और लगभग आधे घंटे तक उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों को आगे की पढ़ाई को लेकर टिप्स दिए और अंत में कहा, “अपने बाबा को मेरा प्रणाम बोलना।”
करण भूषण सिंह कैसरगंज लोकसभा सीट से सांसद हैं। यह सीट उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह की परंपरागत सीट रही है। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने बृजभूषण को टिकट न देकर उनके बेटे करण भूषण को उम्मीदवार बनाया था।
गौरतलब है कि पिछले महीने बृजभूषण शरण सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। इसके बाद सांसद करण भूषण सिंह और गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने भी सीएम से भेंट की थी। उस समय चर्चाएं थीं कि प्रतीक भूषण सिंह को मंत्री बनाया जा सकता है।








