
- जुर्माना एक सप्ताह में न भरने पर आरसी जारी कर वसूली की तैयारी
- बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले विद्यालयों पर प्रशासन की सख्ती
- जिले में बिना मान्यता वाले विद्यालयों पर आगे भी होगी कठोर कार्रवाई
अंबेडकरनगर। जिले में शिक्षा के नाम पर चल रहे अवैध कारोबार पर अब प्रशासन सख्त हो गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने अकबरपुर शिक्षा क्षेत्र में बिना मान्यता के संचालित हो रहे 12 विद्यालयों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इन विद्यालयों को पहले भी नोटिस देकर बंद करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन आदेश की अनदेखी करते हुए उन्होंने अपना संचालन जारी रखा।
शासन से सख्त निर्देश
शासन ने 1 जुलाई 2025 को सभी जिलों को पत्र भेजकर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए। इसी क्रम में अंबेडकरनगर के जिलाधिकारी ने भी जांच कर कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसके बाद बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे विद्यालयों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया।
12 विद्यालय पाए गए अवैध
अकबरपुर खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट में 12 विद्यालय ऐसे पाए गए जो बिना किसी वैध मान्यता के लंबे समय से संचालित थे। इन विद्यालयों के खिलाफ बीएसए ने कार्रवाई करते हुए संचालन बंद कराने का आदेश जारी कर दिया। साथ ही प्रबंधक और प्रधानाचार्यों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बीएसए ने साफ किया है कि जुर्माना राशि एक सप्ताह के भीतर जमा करनी होगी। यदि निर्धारित समय में राशि जमा नहीं की गई तो संबंधित विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों के खिलाफ राजस्व वसूली प्रमाण पत्र (आरसी) जारी कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








