
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सोनौली से दिल्ली जा रही बस (UP 22 AT 0245) ट्रक से टकराने के बाद बिजली के खंभे से भिड़ गई और आग पकड़ गई। इस हादसे में 3 लोग जिंदा जल गए, जबकि 24 यात्री झुलस गए। घायलों में 6 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
बस में सवार अधिकांश यात्री नेपाल के थे
बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर नेपाल के रहने वाले थे। मृतकों में एक महिला की पहचान हो गई है; वह नेपाल के गुल्मी जिले की रहने वाली थी। बाकी दो मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
हादसे का क्रम
- बस और ट्रक (UP 21 DT 5237) की टक्कर इतनी भीषण थी कि बस करीब 100 मीटर दूर हाईटेंशन लाइन वाले बिजली के खंभे से टकराई।
- खंभा टूटकर बस पर गिर गया और शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
- बस आग का गोला बन गई, यात्री अंदर ही फंस गए। कुछ शीशा तोड़कर बाहर कूदे।
- स्थानीय लोगों और बाहर निकले यात्रियों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
राहत और बचाव कार्य
- फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला।
- घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
- प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ज्यादातर यात्री किसी तरह बाहर निकल गए, लेकिन कुछ अंदर फंसे रहे।
ट्रक में भी आग
टक्कर में शामिल ट्रक में गर्म कपड़े लदे थे, जिससे उसमें भी आग लग गई। हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाईपास पर सोमवार रात ढाई बजे के आसपास हुआ।








