कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि सरकार के सामने रखी गई चार मांगों में से तीन अब भी पूरी नहीं हुई हैं। पार्टी ने छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने, छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने और RAF व दिल्ली पुलिस से माफी की मांग दोहराई है।
इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक मार्च
CJP ने बताया कि 5 सितंबर को दिल्ली में दोबारा मार्च निकाला जाएगा। मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली स्थित पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। पार्टी ने लोगों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की है।
NEET पेपर लीक को लेकर शुरू हुआ था आंदोलन
CJP ने NEET पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ 20 जून से जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू किया था। 25 जुलाई को सरकार से मिले आश्वासन और तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद आंदोलन खत्म किया गया था।
जेपी नड्डा से हुई थी मुलाकात
CJP नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास ने 25 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। इस दौरान सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच उनकी मांगों को लेकर सहमति बनने की बात कही गई थी।
छात्रों के परिजन भी होंगे शामिल
CJP के मुताबिक 5 सितंबर के मार्च में उन छात्रों के परिजन भी शामिल होंगे, जिन्होंने NEET पेपर लीक के बाद कथित तौर पर आत्महत्या की थी। पार्टी ने कहा कि यह मार्च छात्रों के न्याय और लंबित मांगों को लेकर किया जाएगा।









