नई दिल्ली। दिल्ली के वजीराबाद इलाके में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती के बाद एक नाबालिग को होटल में बुलाकर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता दोनों वजीराबाद इलाके के रहने वाले हैं। आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग से संपर्क किया और मंगलवार को उसे होटल में बुलाया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत, मेडिकल जांच और बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
घर पहुंचकर परिवार को बताई पूरी बात
घटना के बाद नाबालिग घर पहुंची और परिवार के सदस्यों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया और उसका बयान दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल जांच और बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पीड़िता की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
होटल में प्रवेश की भी जांच
मामले की जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग को होटल में प्रवेश कैसे मिला। जांच टीम होटल का रजिस्टर, CCTV फुटेज और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि घटना के समय होटल में कौन-कौन लोग मौजूद थे और नाबालिग के प्रवेश से जुड़े नियमों का पालन हुआ था या नहीं।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/rahul-gandhi-sahil-wakode-iit-bombay-case/
दिल्ली में हाल के मामलों से बढ़ी चिंता
पिछले दिनों दिल्ली में नाबालिगों से जुड़े कई गंभीर यौन अपराध के मामले सामने आए हैं। 12 सितंबर को बाहरी उत्तर दिल्ली में 16 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया था, जिसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
16 सितंबर को सदर बाजार इलाके में एक नाबालिग के साथ कथित यौन अपराध के मामले में दुकानदार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, बच्ची स्टेशनरी खरीदने के लिए घर से निकली थी और उसे दुकान में ले जाकर अपराध किए जाने का आरोप है।
वहीं, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के एक DDA पार्क में भी नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया, जिसमें पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।









