
- साइबर क्राइम का आरोपी अर्श उर्फ हर्ष एयरपोर्ट से फरार
- गुजरात पुलिस की गिरफ्त में था, फ्लाइट से ले जाया जा रहा था
- वॉशरूम का बहाना बनाकर दिया चकमा
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) से एक साइबर क्राइम का आरोपी गुजरात पुलिस की हिरासत से भाग निकला। गुजरात पुलिस आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार कर गुजरात ले जा रही थी। चेकिंग के दौरान आरोपी ने वॉशरूम जाने का बहाना बनाया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद अब तक आरोपी का सुराग नहीं मिला है।
वॉशरूम में जाने का बहाना बना भागा आरोपी
घटना बुधवार सुबह 6 बजे की है जब गुजरात पुलिस की टीम इंडिगो फ्लाइट (6E 142) से आरोपी अर्श उर्फ हर्ष को लेकर लखनऊ एयरपोर्ट पहुंची थी। चेकिंग के दौरान आरोपी ने वॉशरूम जाने की अनुमति मांगी। कांस्टेबल विपुल लाभभाई उसे ले तो गया, लेकिन बैग रखने के लिए जैसे ही पीछे मुड़ा, आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
सरोजनी नगर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद गुजरात के तापी जिले के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के सब इंस्पेक्टर धीरज राघव भाई बथवार ने सरोजनी नगर थाने में FIR दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी की तलाश में गुजरात पुलिस की टीम लखनऊ पहुंची थी और उसे 8 जुलाई को पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन कॉलोनी स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया था।
ट्रेन टिकट नहीं हुआ कंफर्म, लिया फ्लाइट का सहारा
गिरफ्तारी के बाद 11 जुलाई को शाम 4 बजे तक ट्रांजिट रिमांड मंजूर हुआ था। आरोपी को तापी व्यारा की अदालत में पेश करना था। लेकिन ट्रेन टिकट कंफर्म न होने के कारण पुलिस टीम ने फ्लाइट से ले जाने का फैसला किया। इसी दौरान आरोपी ने एयरपोर्ट पर फरार होकर पूरी योजना पर पानी फेर दिया।
तलाश में जुटी पुलिस
फरारी के बाद एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की गई, लेकिन आरोपी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। लखनऊ पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की गहराई से जांच में जुटी है।







