कोहरे में सुरक्षित रेल संचालन के लिए रेलवे अलर्ट

15 नवंबर से अयोध्या-जाफराबाद रेलखंड पर होगी ट्रैक पेट्रोलिंग

तीन सदस्यीय टीमें दिन-रात करेंगी पटरियों की निगरानी, दरार और तकनीकी खराबी मिलने पर कंट्रोल रूम को देंगी सूचना
अम्बेडकरनगर। सर्दी और घने कोहरे में ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत 15 नवंबर से अयोध्या-जाफराबाद रेलखंड पर तीन सदस्यीय ट्रैक पेट्रोलिंग टीमें तैनात की जाएंगी। ये टीमें दिन और रात दो शिफ्ट में पैदल गश्त करेंगी। पटरियों में दरार, टूट-फूट या किसी अन्य तरह की खराबी मिलने पर तत्काल कंट्रोल रूम और नजदीकी स्टेशन को सूचना देंगी।

दिसंबर और जनवरी में कोहरे का असर बढ़ने पर रेलखंड की निगरानी और सख्त रहेगी। कई बार दृश्यता 10 मीटर से भी कम हो जाती है। ऐसे में ट्रेन चालकों को सिग्नल देखने में परेशानी होती है। इसी को देखते हुए रेलवे ने ट्रैक की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का फैसला किया है।

टॉर्च, वॉकी-टॉकी और झंडियों से लैस होंगी टीमें
पेट्रोलिंग टीम में ट्रैकमैन, कीमैन और सुरक्षा कर्मी शामिल होंगे। सभी कर्मचारियों को टॉर्च, वॉकी-टॉकी और लाल-हरी झंडी सहित जरूरी सुरक्षा उपकरण दिए जाएंगे। गश्त के दौरान रेल पटरियों में दरार, टूटे स्लीपर, खुले जॉइंट, सिग्नल की खराबी और ट्रैक पर मौजूद अवरोधों की जांच की जाएगी।

ठंड में पटरियों में दरार का खतरा, संवेदनशील हिस्सों पर नजर
तापमान गिरने के साथ रेल पटरियों में सिकुड़न आ सकती है। इससे पटरियों में दरार पड़ने और जॉइंट खुलने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए रेलवे ने संवेदनशील रेलखंडों पर विशेष निगरानी की तैयारी की है।

दर्शन नगर, बिलहरघाट, अलनाभारी, गोसाईंगंज, कटेहरी, अकबरपुर, जाफरगंज, मालीपुर, तुलसी नगर, बिलवाई, शाहगंज, खेतासराय, मानेकन, मिहरावां, महगवां, जौनपुर और जाफराबाद के बीच विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button