
- रीना सिंधू ने बॉयफ्रेंड परितोष के साथ मिलकर पति रविंद्र की हत्या की
- पहले शराब पिलाई, फिर सिर और गले पर ताबड़तोड़ हमला कर हत्या की गई
- शव को उत्तराखंड के कोटद्वार के जंगल में फेंका गया, CCTV फुटेज से सुराग मिला
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां फिजियोथेरेपिस्ट पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को उत्तराखंड के कोटद्वार के जंगलों में फेंक दिया गया। मामले का खुलासा तब हुआ जब जंगल में मिली लाश की पहचान हुई और पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले। इसके बाद कातिल पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया।
शराब पिलाकर की हत्या, फिर शव को जंगल में फेंका
पुलिस के मुताबिक, मृतक रविंद्र कुमार (56) मूल रूप से दिल्ली के बसंत कुंज का निवासी था और मुरादाबाद के रामगंगा विहार में अपनी दूसरी पत्नी रीना सिंधू (36) के साथ रह रहा था। रीना पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट है और घर में ही फिजियोथेरेपी सेंटर चलाती थी। 31 मई को रीना, रविंद्र को किसी बहाने से प्रेमी परितोष कुमार के घर ले गई और वहां दोनों ने मिलकर उसे शराब पिलाई। जब वह बेहोश हो गया, तो फावड़े से सिर और गले पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को कार में डालकर कोटद्वार के जंगल में फेंक दिया गया। 5 जून को जंगल में डेडबॉडी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और CCTV फुटेज में संदिग्ध कार देखी गई, जो मुरादाबाद की रीना सिंधू से जुड़ी पाई गई।
प्रॉपर्टी के लालच में की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि रीना और रविंद्र के रिश्तों में लंबे समय से खटास थी। मुरादाबाद के जिस आलीशान मकान में दोनों रहते थे, उसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपये थी। रविंद्र मकान बेचकर अपना कर्ज चुकाना चाहता था, जबकि रीना उसे रोक रही थी। इसी मकान को हड़पने की नीयत से उसने प्रेमी परितोष के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
फिजियोथेरेपी सेंटर में शुरू हुआ अफेयर
रीना के सेंटर में परितोष (28) नाम का युवक फिजियोथेरेपी के लिए आता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया। रीना ने परितोष को प्रॉपर्टी के लालच में फंसाया और कहा कि रविंद्र की मौत के बाद प्रॉपर्टी उसके नाम हो जाएगी, जिसमें से वह परितोष को 10 लाख रुपये देगी।
CCTV ने खोला हत्या का राज
कोटद्वार पुलिस ने जंगल से शव मिलने के बाद CCTV कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध कार देखी गई। कार को ट्रेस करने पर यह मुरादाबाद की रीना से जुड़ी निकली। शनिवार को पुलिस ने रीना सिंधू और परितोष कुमार को बिजनौर के नगीना से गिरफ्तार कर लिया।







