दिल्ली-NCR में भारी बारिश से जलभराव, यूपी समेत 4 राज्यों में बाढ़ का कहर

दिल्ली में घर-दुकानों में घुसा पानी, यूपी के 19 जिलों में बाढ़; MP और छत्तीसगढ़ में बारिश से हादसे

दिल्ली। दिल्ली-NCR के कई इलाकों में सोमवार सुबह तेज बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण संगम विहार, दुर्गा विहार और कनॉट प्लेस समेत कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। कुछ इलाकों में 3 से 4 फीट तक पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया। सड़कों पर पानी भरने के कारण कई वाहन फंस गए और यातायात भी प्रभावित हुआ।

यूपी के 19 जिलों में बाढ़

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते कई नदियां उफान पर हैं। राज्य के 19 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। 92 गांवों में फसलों को नुकसान पहुंचा है, जबकि 26 गांव बाढ़ के पानी से घिरकर टापू जैसे हालात में पहुंच गए हैं।

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट स्थित पुलिस चौकी पानी में डूब गई। वहीं, प्रयागराज के दारागंज घाट का श्मशान भी जलमग्न हो गया। श्मशान में पानी भरने के कारण लोगों को सड़कों पर अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है।

ललितपुर में तेज बहाव में बाइक बही

ललितपुर में पुल के ऊपर से बह रहे पानी के तेज बहाव में एक युवक की बाइक बह गई। नदी और नालों के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन की ओर से लोगों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

MP में 22 जिलों में रेड अलर्ट

मध्य प्रदेश के जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज बारिश हुई। अशोकनगर में एक युवक बाइक समेत पानी के तेज बहाव में बह गया। प्रदेश के 22 जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।

लगातार बारिश के कारण नदियों और जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने और नदी में बहने से मौतें

छत्तीसगढ़ के मुंगेली में पैदल जा रही एक महिला पर बिजली गिर गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए।

बलरामपुर में भी कन्हर नदी पार करने की कोशिश कर रहा एक युवक तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button