अंबेडकरनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के फुलवरिया टोल प्लाजा (टीपी-09, किमी-203) पर टोल शुल्क मांगने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। टोल प्लाजा के सुपरवाइजर ने आजमगढ़ के भाजपा एमएलसी रामसूरत राजभर के पुत्र संदीप राजभर उर्फ रिंकू पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में जैतपुर थाने में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टोल शुल्क को लेकर शुरू हुआ विवाद, सुपरवाइजर ने लगाए मारपीट के आरोप
गाजीपुर निवासी टोल प्लाजा सुपरवाइजर अजीत राय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 14 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे लेन संख्या-1 पर ड्यूटी कर रहे थे।
तहरीर के मुताबिक, इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की सफेद स्कॉर्पियो टोल प्लाजा पर पहुंची। आरोप है कि वाहन सवार संदीप राजभर ने बिना टोल शुल्क दिए वाहन निकालने का प्रयास किया।
सुपरवाइजर ने जब टोल नियमों का हवाला देते हुए शुल्क जमा करने को कहा तो विवाद होने का आरोप लगाया गया।
बूथ के बाहर से अंदर तक मारपीट का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान पहले टोल बूथ के बाहर सुपरवाइजर के साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी कथित रूप से बूथ के अंदर पहुंचा और दोबारा हमला किया।
सुपरवाइजर ने पुलिस को दी गई शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।









