देशभर में मानसून का असर

गुजरात में बाढ़ जैसे हालात, राजस्थान-महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भारी बारिश

नई दिल्ली। देशभर में मानसून अब लगभग पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों को छोड़कर मानसून अधिकांश राज्यों में पहुंच चुका है। हालांकि गुजरात में मानसून की आधिकारिक एंट्री से पहले ही कई इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है।

गुजरात के मेंडरडा क्षेत्र के समधियाला गांव के पास बाढ़ के पानी में चार वाहन फंस गए। सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल ने अभियान चलाकर 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

महाराष्ट्र के भिवंडी में लगातार बारिश के कारण बाजार क्षेत्र में करीब तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव की वजह से कई दुकानों को बंद करना पड़ा, जबकि लोग कमर तक पानी में होकर सड़क पार करने को मजबूर दिखे।

राजस्थान की राजधानी जयपुर में तेज बारिश के चलते सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के माइनर ऑपरेशन थिएटर में पानी भर गया। इसके बाद मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया।

मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर समेत 26 से अधिक जिलों में शुक्रवार को तेज बारिश दर्ज की गई। उज्जैन में पुलिया पार करने के दौरान एक युवक मोटरसाइकिल समेत तेज बहाव में बह गया।

उत्तर प्रदेश के करीब 20 जिलों में बारिश हुई। कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में जलभराव हो गया, जिससे कई कारें और बाइक आधी पानी में डूब गईं। वहीं जम्मू-कश्मीर में शनिवार सुबह भूस्खलन के कारण रामनगर-उधमपुर मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button