वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंप से तबाही

7.2 और 7.5 तीव्रता के झटकों के बाद राष्ट्रीय आपातकाल घोषित, कई इमारतें क्षतिग्रस्त

कराकस। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार शाम आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी। कुछ ही सेकंड के अंतराल पर आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंपों से कई शहरों में इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि अब तक 32 लोगों की मौत और 700 से अधिक लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

जानकारी के अनुसार, पहला भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 6:34 बजे और दूसरा 6:35 बजे दर्ज किया गया। दोनों झटके राजधानी कराकस से लगभग 290 किलोमीटर पश्चिम में महसूस किए गए। भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गईं या खतरनाक तरीके से झुक गईं। कराकस एयरपोर्ट की छत का एक हिस्सा भी गिर गया, जिससे इलाके में धूल का गुबार फैल गया।

भूकंप ऐसे दिन आया जब पूरे देश में राष्ट्रीय अवकाश था। वर्ष 1821 में स्पेन के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम में मिली ऐतिहासिक जीत की वर्षगांठ के कारण स्कूल, कार्यालय और सरकारी संस्थान बंद थे। अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे, जिससे प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, इस आपदा में बड़े पैमाने पर जनहानि की आशंका है। एजेंसी ने 10 हजार से अधिक लोगों की मौत की 44 प्रतिशत संभावना जताई है, जबकि एक लाख तक लोगों के मारे जाने की 30 प्रतिशत आशंका भी व्यक्त की गई है। भूकंप के बाद अब तक 20 आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह वेनेजुएला में पिछले 126 वर्षों का सबसे शक्तिशाली भूकंप है। इससे पहले वर्ष 1900 में 7.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button