- फ्लैट में मिला डॉक्टर का शव
- 8 वर्षीय बेटा घायल
- पत्नी से पुलिस की पूछताछ
- परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
धारवाड़। कर्नाटक के धारवाड़ में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. किरण होन्नन्नावर (45) की उनके फ्लैट में हत्या कर दी गई। घटना में उनका 8 वर्षीय बेटा भी चाकू के घावों के साथ घायल मिला, जिसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने हत्या के आरोप में डॉक्टर की पत्नी और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले से जुड़े कुछ वीडियो और फोटो भी सामने आए हैं, जिनमें डॉ. किरण और उनका बेटा खून से लथपथ दिखाई दे रहे हैं।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब डॉ. किरण के परिजन पूरे दिन उनसे संपर्क नहीं कर सके। पहले प्रियंका ने बताया कि वह आराम कर रहे हैं, बाद में कहा कि वे बाहर गए हैं। शक होने पर परिजन फ्लैट पहुंचे, जहां एक कमरे में डॉ. किरण का शव और दूसरे कमरे में घायल बेटा मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को अस्पताल भेजा। डॉ. किरण के परिजनों ने हत्या के लिए उनकी पत्नी पर आरोप लगाया है। पुलिस घटना के समय, कारण और सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है।









