सोनभद्र। करमा विकास खंड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र लोहरा तृतीय पर सहायिका भर्ती को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। चयनित अभ्यर्थी के आय प्रमाण पत्र को लेकर गंभीर आरोप सामने आने के बाद राजस्व विभाग और संबंधित लेखपाल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
शिकायतकर्ता अंजना कुमारी ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि संदिग्ध आय प्रमाण पत्र के आधार पर भर्ती में लाभ दिया गया है, जिससे पूरी चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
शिकायत में कहा गया है कि चयनित अभ्यर्थी सुशीला निषाद के पति ग्राम पंचायत लोहरा में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत हैं और उन्हें नियमित मानदेय प्राप्त होता है। इसके बावजूद कम आय का प्रमाण पत्र जारी किए जाने पर संदेह जताया गया है।
अंजना कुमारी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि यदि वास्तविक आय की अनदेखी कर प्रमाण पत्र जारी किया गया है तो संबंधित लेखपाल की भूमिका की भी गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि आय का सत्यापन किस आधार पर किया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल भर्ती प्रक्रिया बल्कि सरकारी अभिलेखों की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा।
उन्होंने मांग की है कि चयनित अभ्यर्थी के आय प्रमाण पत्र, पारिवारिक आय, बीपीएल पात्रता तथा अन्य सभी दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक चयन प्रक्रिया पर रोक लगाने और अनियमितता सिद्ध होने पर नियुक्ति रद्द कर पात्र अभ्यर्थी को अवसर देने की मांग भी की गई है।









