केतन हत्याकांड में नया खुलासा

पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, 'क्राइम पेट्रोल' देखकर हत्या की साजिश रचने का दावा

पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में नया खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने महाराष्ट्र के बीड जिले से एक युवक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह बालेवाड़ी स्थित एक कंपनी में कार्यरत है और मुख्य आरोपियों से जुड़ा हुआ है।

जांच में दावा किया गया है कि हिरासत में लिया गया युवक सिया या केतन में से किसी एक का करीबी दोस्त है। आरोप है कि मुख्य आरोपी चेतन चौधरी और सिया ने हत्या की योजना उसके साथ साझा की थी। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है और उसे मामले में गवाह भी बनाया जा सकता है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि चेतन चौधरी और सिया ने वारदात से पहले टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के कई एपिसोड देखे थे। उनका उद्देश्य यह समझना था कि हत्या के बाद जांच एजेंसियों से कैसे बचा जा सकता है।

गौरतलब है कि 18 जून को 25 वर्षीय केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले से गिरने के बाद मौत हो गई थी। पुलिस का मानना है कि केतन, सिया और चेतन के रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए उसकी हत्या की साजिश रची गई।

जांच के तहत गुरुवार को पुलिस ने सिया गोयल के घर से घटना के दिन पहने गए कपड़े और कई डिजिटल साक्ष्य बरामद किए। इसके अलावा पुलिस सिया को पुणे के लुल्लानगर इलाके की उस पहाड़ी पर भी लेकर गई, जहां कथित तौर पर केतन को धक्का देने की रिहर्सल की गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की भी तलाशी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button