जहांगीरगंज में बिजली व्यवस्था पर विवाद

टाउन फीडर को लेकर उठी जांच की मांग

अम्बेडकरनगर। जहांगीरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर के लिए बनाए गए टाउन फीडर के बावजूद कई वार्ड अब भी ग्रामीण फीडर से जुड़े होने का मामला सामने आया है। इसे लेकर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राजाबाबू गुप्ता ने पार्टी जिलाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर जांच और सुधार की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि रामनगर विद्युत उपकेंद्र और विद्युत वितरण खंड अकबरपुर की ओर से शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है। इससे नगर पंचायत क्षेत्र के उपभोक्ताओं को शहरी स्तर की बिजली आपूर्ति का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

टाउन फीडर बना, फिर भी 5 वार्ड वंचित

जानकारी के अनुसार, जहांगीरगंज नगर पंचायत के लिए अलग टाउन फीडर बनाया गया है। इसके बावजूद 17 में से केवल 12 वार्ड ही इस फीडर से जुड़े हैं। शेष वार्ड अभी भी ग्रामीण फीडर से बिजली ले रहे हैं।

इस स्थिति से नगर क्षेत्र में एक समान बिजली व्यवस्था लागू नहीं हो पा रही है।

कई वार्डों में कटौती और कम वोल्टेज की शिकायत

ज्ञापन में वार्ड संख्या 7 मामपुर, वार्ड संख्या 4 सिंधुर, वार्ड संख्या 14 जहांगीरगंज पूर्वी, वार्ड संख्या 10 ककरापार और वार्ड संख्या 16 नई बस्ती का विशेष उल्लेख किया गया है।

स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि ग्रामीण फीडर से जुड़े होने के कारण इन इलाकों में बार-बार बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button