अम्बेडकरनगर। लखनऊ में हुए अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्र-छात्राओं और अन्य मृतकों की स्मृति में मंगलवार शाम अकबरपुर के पटेल नगर तिराहा पर श्रद्धांजलि सभा और कैंडल प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, शाखा-अम्बेडकरनगर के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, विद्यार्थियों और नगरवासियों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
सुरक्षा मानकों के पालन पर दिया जोर
सभा को संबोधित करते हुए संध्या सिंह “समीप” ने कहा कि लखनऊ अग्निकांड ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक भवनों और अन्य प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
धीरेंद्र पाण्डेय ने कहा कि हादसे में कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया और अनेक सपने अधूरे रह गए। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
जागरूकता बढ़ाने का लिया संकल्प
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने मानव जीवन की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आरम्भ फाउंडेशन, उत्तर प्रदेश यूथ एसोसिएशन, परम फाउंडेशन, मिशन ग्रीन अर्थ, स्टूडेंट डिजिटल लाइब्रेरी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों का सहयोग रहा।
इस दौरान रवि अग्रहरि, विवेक साहू, अंकित अग्रहरि, संघमित्रा बौद्ध, गोविंद साहू, डॉ. सर्वेश गुप्ता, ओम प्रकाश जायसवाल, दुष्यंत, सुनील, अभिषेक, नीरज, रजनीश, रामनाथ, सुधीर चतुर्वेदी, आलोक वर्मा, अंकुर और प्रियांशु शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।









