सहकारी समिति का निरीक्षण

कृषि मंत्री ने खाद वितरण व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी

अम्बेडकरनगर। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को साधन सहकारी समिति औरंगनगर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उर्वरक वितरण व्यवस्था, स्टॉक और किसानों तक आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली।

मंत्री ने मौके पर मौजूद किसानों से भी बातचीत की। उन्होंने किसान रामचेत, फूलचंद्र, हरिप्रसाद, रामजगत, अनिल कुमार और भीष्म द्विवेदी सहित कई किसानों से फोन पर बात कर खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का फीडबैक लिया।

उर्वरक स्टॉक और आपूर्ति पर हुई समीक्षा

निरीक्षण के बाद कृषि मंत्री ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ खाद, बीज और कृषि योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उपकृषि निदेशक डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि जिले में यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

अधिकारियों के अनुसार सहकारिता और निजी क्षेत्र में वर्तमान में यूरिया 22,628 मीट्रिक टन, डीएपी 3,961 मीट्रिक टन, एनपीके 3,062 मीट्रिक टन, एसएसपी 15,044 मीट्रिक टन और एमओपी 119 मीट्रिक टन उपलब्ध है। जून माह तक निर्धारित लक्ष्य से अधिक उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

बीज वितरण और कृषि योजनाओं की स्थिति

समीक्षा के दौरान बीज वितरण की स्थिति भी प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने बताया कि किसानों को धान, उड़द, अरहर और ढैंचा के बीज वितरित किए गए हैं। इसके साथ ही श्री अन्न, दलहन और तिलहन की मिनी किटों का भी वितरण किया गया है।

कम वर्षा को देखते हुए फसल विविधीकरण की अपील

कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि मौसम विभाग की कम वर्षा की संभावना को देखते हुए धान की खेती का क्षेत्रफल कम करें। उन्होंने मोटे अनाज और दलहनी फसलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कम पानी में इन फसलों से बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button