
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet के प्रमोशन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व क्रिकेटरों सुरेश रैना और शिखर धवन की कुल 11.14 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच कर ली है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत की गई है।
रैना के 6.64 करोड़ और धवन की 4.5 करोड़ की संपत्ति जब्त
ईडी सूत्रों के मुताबिक, रैना के नाम पर रखे 6.64 करोड़ रुपए के म्यूचुअल फंड निवेश और धवन की 4.5 करोड़ रुपए की संपत्ति को अटैच किया गया है। एजेंसी का कहना है कि इन संपत्तियों को ‘प्रोसीड्स ऑफ क्राइम’ (अपराध से अर्जित धन) माना गया है, क्योंकि इनकी खरीद 1xBet से मिले विज्ञापन पैसों से की गई थी।
कई सेलिब्रिटीज से की गई थी पूछताछ
सितंबर में ईडी ने इस केस में कई सेलिब्रिटीज से पूछताछ की थी, जिनमें युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, शिखर धवन, सुरेश रैना, अभिनेता सोनू सूद, और पूर्व टीएमसी सांसद मिमी चक्रवर्ती शामिल थे। बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा और कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से भी सवाल किए गए।
बैंक ट्रांजैक्शन से सामने आईं अहम जानकारियां
ईडी अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान सभी सेलिब्रिटीज ने अपने बैंक खातों और ट्रांजैक्शन डिटेल्स साझा कीं, जिससे यह सामने आया कि विज्ञापन फीस का भुगतान 1xBet से जुड़े खातों से हुआ था। एजेंसी ने इन लेनदेन को संदिग्ध मानते हुए जांच तेज कर दी है।
उर्वशी रौतेला से भी पूछताछ की तैयारी
ईडी ने 1xBet की इंडिया एंबेसडर अभिनेत्री उर्वशी रौतेला को भी पूछताछ के लिए समन भेजा था, लेकिन उस समय वह विदेश में होने के कारण पेश नहीं हो सकीं। एजेंसी जल्द ही उनसे भी बयान दर्ज कर सकती है।
आगे की प्रक्रिया
ईडी के आदेश के बाद यह मामला अब PMLA एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी को भेजा जाएगा। कोर्ट की मंजूरी मिलते ही एजेंसी इस केस में चार्जशीट दाखिल करेगी।








