वॉशिंगटन/तेल अवीव। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि गाजा को लेकर एक ऐतिहासिक समझौता हो गया है। उनके अनुसार, हमास हथियार छोड़ने के लिए तैयार हो गया है और इसके बाद इजराइली सेना भी गाजा से पीछे हट जाएगी। हालांकि, ट्रम्प के इस दावे के बाद इजराइल में इसे लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है।
इजराइल में उठे सवाल
ट्रम्प के बयान के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या इजराइल वास्तव में गाजा से अपनी सेना हटाएगा। इस मुद्दे पर इजराइल के कई नेताओं और वहां के मीडिया ने नाराजगी जताई है। ट्रम्प ने कहा कि इजराइल इस समझौते से संतुष्ट है, लेकिन इजराइल सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हमास के हथियार छोड़ने पर अड़ी शर्त
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इजराइली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जब तक हमास के पूरी तरह हथियार छोड़ने का भरोसा नहीं हो जाता, तब तक गाजा से सेना हटाने का कोई सवाल नहीं उठता।
गाजा समझौते को लेकर ट्रम्प के दावे और इजराइल की चुप्पी के बीच इस मुद्दे पर राजनीतिक और कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। आने वाले दिनों में दोनों पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।









