रक्षाबंधन से एक दिन पहले यानी 27 अगस्त को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 2,860 रुपये घटकर 1.58 लाख रुपये हो गया।
वहीं, एक किलो चांदी की कीमत में 2,791 रुपये की कमी आई। इसके बाद चांदी का भाव 2.40 लाख रुपये प्रति किलो पहुंच गया।
इस साल सोना करीब ₹25 हजार महंगा
सोने-चांदी की कीमतों में इस साल लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत 1.33 लाख रुपये थी, जो अब 1.58 लाख रुपये हो गई है। यानी इस साल सोना करीब 25 हजार रुपये महंगा हुआ है।
चांदी की बात करें तो 31 दिसंबर 2025 को इसका भाव 2.30 लाख रुपये प्रति किलो था, जो अब बढ़कर 2.40 लाख रुपये पहुंच गया है।
जनवरी में बना था ऑलटाइम हाई
इस साल 29 जनवरी को सोने की कीमत 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑलटाइम हाई पर पहुंची थी। इसी दिन चांदी ने भी 3.86 लाख रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर छुआ था।









