अंबेडकरनगर। गांवों की सुरक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले ग्राम प्रहरियों के लिए मानदेय बढ़ाने की घोषणा की गई है। मंगलवार को पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान जिले के 470 ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद और विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय ने ग्राम चौकीदारों की भूमिका पर बात रखी।
मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा
पंचायती राज्यमंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि चौकीदारों को पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा और मोबाइल फोन भी मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी।
गांव की सुरक्षा की जिम्मेदारी चौकीदारों पर: हरिओम पांडेय
विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय ने कहा कि गांवों की सुरक्षा की जिम्मेदारी ग्राम चौकीदारों के हाथों में है। वे स्थानीय गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।
सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी: धर्मराज निषाद
कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि सरकार ने ग्राम चौकीदारों को सम्मान दिया है। मानदेय बढ़ने के साथ उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्होंने चौकीदारों से अपने दायित्वों का निर्वहन सजगता और जिम्मेदारी के साथ करने की अपेक्षा जताई।









