मुंबई। दिवंगत दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और NCP (SP) नेता व महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। नोटिस में दोनों नेताओं से अपने कथित बयानों को वापस लेने, सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने और 500 करोड़ रुपये का हर्जाना देने की मांग की गई है। इसके लिए दोनों नेताओं को 7 दिन का समय दिया गया है।
बयानों पर जताई आपत्ति
सतीश सालियान की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस में आरोप लगाया गया है कि आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख के बयानों से दिशा की मौत की दोबारा जांच की मांग करने के उनके प्रयासों को राजनीतिक रंग दिया गया। नोटिस के मुताबिक, सतीश अपनी बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं और उनके इस प्रयास को राजनीतिक मकसद से जोड़ना उनकी प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाता है।
सार्वजनिक माफी की मांग
नोटिस में दोनों नेताओं से स्पष्ट और सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने को कहा गया है। यह माफी प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया के साथ-साथ उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी प्रकाशित करने की मांग की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, नोटिस में वीडियो के जरिए कम से कम तीन मिनट की सार्वजनिक माफी की मांग भी शामिल है।
2020 में हुई थी दिशा की मौत
28 वर्षीय दिशा सालियान अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। 8 जून 2020 को मुंबई की एक इमारत से गिरने के बाद उनकी मौत हुई थी। इसके छह दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हो गई थी। दोनों घटनाओं को लेकर समय-समय पर अलग-अलग दावे और जांच की मांग सामने आती रही है।
आदित्य ने कहा- दिशा से नहीं मिला
यह कानूनी नोटिस आदित्य ठाकरे के 16 सितंबर के बयान के बाद सामने आया है। CBI की FIR में नाम आने के बाद आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा था कि वह दिशा सालियान से कभी नहीं मिले और उनकी उनसे कोई जान-पहचान नहीं थी।
उन्होंने दावा किया कि करीब छह वर्षों से राजनीतिक और निजी कारणों से उनका नाम दिशा की मौत से जोड़ा जा रहा है। आदित्य ने इसे बिना सबूत का अभियान बताते हुए कहा कि इससे उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मामले की दोबारा जांच आधिकारिक एजेंसियों से बिना राजनीतिक हस्तक्षेप और व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के किए जाने की बात कही।
देशमुख के पुराने बयान का जिक्र
सतीश सालियान के नोटिस में अनिल देशमुख के 23 मार्च 2025 के कथित बयान का भी उल्लेख किया गया है। नोटिस के अनुसार, देशमुख ने दिशा सालियान मामले को आदित्य ठाकरे को बदनाम करने की साजिश बताया था।
सतीश सालियान की ओर से आपत्ति जताई गई है कि इस तरह के बयानों से उनकी ओर से की जा रही कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग को गलत तरीके से पेश किया गया। अब नोटिस में दोनों नेताओं से 7 दिन के भीतर मांगी गई कार्रवाई पूरी करने को कहा गया है।









