PM मोदी के AI मॉर्फ्ड वीडियो मामले में मेटा इंडिया हेड पर FIR

फेसबुक-इंस्टाग्राम के फर्जी कंटेंट रोकने वाले सिस्टम की भी होगी जांच

  • हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने दर्ज की FIR
  • मेटा इंडिया हेड समेत कई सोशल मीडिया यूजर्स नामजद
  • AI मॉर्फ्ड वीडियो के स्रोत और प्रसार की जांच शुरू

हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एआई (AI) जनरेटेड मॉर्फ्ड वीडियो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर शेयर किए जाने के मामले में हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने मेटा इंडिया के हेड अरुण श्रीनिवास और कई सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किसने तैयार किए, इन्हें सबसे पहले किसने अपलोड किया और इनके जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश हुई या नहीं।

भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत के आधार पर हैदराबाद पुलिस ने दो अलग-अलग मामले भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम के तहत दर्ज किए हैं। दोनों मामलों में संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों को आरोपी बनाया गया है, जबकि मेटा इंडिया के हेड अरुण श्रीनिवास को सह-आरोपी के रूप में नामजद किया गया है।

जांच एजेंसियां फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी और भ्रामक कंटेंट रोकने के लिए मौजूद सेफगार्ड्स और मॉडरेशन सिस्टम की भी समीक्षा कर रही हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या प्लेटफॉर्म के सुरक्षा तंत्र ऐसे एआई जनरेटेड वीडियो के प्रसार को समय रहते रोकने में सक्षम थे।

इधर, नोएडा पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल के मामले में एक महिला के खिलाफ जीरो एफआईआर भी दर्ज की है। दोनों मामलों में जांच जारी है और पुलिस फिलहाल सभी तकनीकी एवं कानूनी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button