मुरैना में दिल दहला देने वाली वारदात

पति ने पत्नी और दो बेटों की हत्या कर खुदकुशी की

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के किशनपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 35 वर्षीय बलराम सिंह कुशवाहा ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद खुद भी ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।

बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर के अनुसार, यह वारदात घर के आंगन में हुई। घर चारों ओर से ऊंची बाउंड्री से घिरा हुआ था। शनिवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर का मुख्य गेट बाहर से बंद देखा तो उन्हें शक हुआ। बाउंड्री के ऊपर से झांकने पर अंदर महिला और दोनों बच्चों के शव पड़े मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी बलराम बेंगलुरु में मार्बल घिसाई का काम करता था और लगभग एक महीने पहले ही गांव लौटा था। इसी दौरान पारिवारिक विवाद गहराता चला गया।

जानकारी के अनुसार, उसकी पत्नी रविता ने एक माह पहले गांव में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में डांस किया था, जिसका वीडियो कुछ लोगों ने बनाकर बलराम को व्हाट्सएप किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था और पिछले एक महीने से विवाद जारी था।

बताया गया है कि रविता कुछ दिनों के लिए मायके भी चली गई थी और तीन दिन पहले ही वापस लौटी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, बलराम अपनी पत्नी के बाजार जाने पर भी आपत्ति जताता था। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button