बिजनौर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर आगे खड़ी डीसीएम से जा टकराया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बिजनौर थाना क्षेत्र के नटकुर निवासी बलदेव उर्फ शिवम (22) के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करता था। बुधवार करीब 11:30 बजे वह सरोजनी नगर के दरोगा खेड़ा स्थित कानपुर रोड से किसान पथ होते हुए बाइक से घर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, किसान पथ पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलदेव की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि बलदेव काकोरी के मौंदा गांव स्थित अपने ननिहाल से लौट रहा था। उसके पिता नंदन रावत का करीब एक साल पहले निधन हो चुका था। उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले मोहनलालगंज के अयोध्या खेड़ा निवासी शालिनी से हुई थी और उसकी एक साल की बेटी भी है। पिछले दो वर्षों से दंपति के बीच विवाद चल रहा था, जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। शालिनी अपनी बेटी के साथ अपने मायके में रह रही है। परिवार में अब उसकी मां, एक भाई शुभम और एक बहन काजल हैं।









