हमीरपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई वैगनआर

एक ही परिवार के 3 समेत 4 की मौत

  • बागेश्वर धाम से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
  • एक ही परिवार के 3 लोगों समेत 4 की मौत
  • ओवरटेक के दौरान ट्रक से भिड़ी वैगनआर

हमीरपुर में रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार की मौत हो गई। नेशनल हाईवे-34 पर मौदहा कोतवाली क्षेत्र के छिरका गांव के पास वैगनआर कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर की सीट तक उखड़ गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक महिला को कानपुर रेफर किया गया है।

बागेश्वर धाम से लौट रहा था परिवार

पुलिस के अनुसार, कार सवार सभी लोग मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बाबा बागेश्वर धाम में दर्शन करने के बाद कानपुर लौट रहे थे। कार में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में नरेंद्र (55), राजकपूर (57), उनकी पत्नी मीना (54) और ड्राइवर आयुष चौहान (25) की मौके पर ही मौत हो गई। नरेंद्र की पत्नी रेखा (52) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया।

मृतकों में नरेंद्र, राजकपूर और मीना कानपुर के नवाबगंज स्थित जागेश्वर मंदिर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि ड्राइवर आयुष चौहान लखनऊ का रहने वाला था।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वैगनआर कार ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। परिवहन निगम के टीआई सतेंद्र सिंह उस समय हाईवे किनारे बसों की चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कार रॉन्ग साइड से महोबा की ओर से आई और सीधे ट्रक से टकरा गई।

कार के उड़ गए परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर के बाद कार के दोनों एयरबैग खुल गए, लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए थे। राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी तथा काफी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button