
- चिनहट थाने में बरामद गहनों की शिनाख्त परेड आयोजित
- पीड़ित बोले – 10% से भी कम जेवर बरामद हुए
- कॉमन डिज़ाइन से हो रही पहचान में दिक्कत
लखनऊ। चिनहट के मटियारी स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा में दिसंबर 2024 में हुए बहुचर्चित लॉकर चोरी कांड में बरामद किए गए गहनों की शिनाख्त परेड बुधवार को चिनहट थाने में आयोजित की गई। इस दौरान पीड़ितों की आंखों में अपनों की शादी के लिए सहेजे गए गहनों को न पाने का दर्द और बैंक प्रशासन के प्रति गुस्सा साफ देखा गया।
पुश्तैनी और शादी के जेवरों को तलाशते पहुंचे पीड़ित
21 दिसंबर 2024 को चोरों ने बैंक के 38 लॉकर काटकर करोड़ों रुपये के गहने चुरा लिए थे। अब पुलिस ने इनमें से कुछ गहनों को बरामद कर लिया है। शिनाख्त परेड के लिए बुधवार सुबह 10 बजे से 38 लॉकर मालिकों को बुलाया गया। 29 लोग पहचान के लिए पहुंचे और अपने-अपने जेवरों के फोटो और रसीदें प्रस्तुत कीं।
गुरुग्राम से पहुंची एक पीड़िता संस्कृति ने बताया कि लॉकर में रखी एक करोड़ की ज्वैलरी में से सिर्फ कुछ ही टुकड़े उन्हें मिले। उन्होंने कहा कि हीरे का टप्स मिला, लेकिन पूरा सेट नहीं। बाकी जेवरों की पहचान भी कॉमन डिजाइन होने के कारण मुश्किल हो रही है।
पहचान में आ रही दिक्कत, नहीं मिल रहे पूरे साक्ष्य
पीड़ितों का कहना है कि पायल, चेन और अंगूठी जैसी ज्वैलरी की आम डिजाइन और साक्ष्यों की कमी के कारण पहचान में परेशानी हो रही है। कई लोगों के पास न तो बिल हैं और न ही स्पष्ट तस्वीरें। इससे कमेटी को सही क्लेम की पुष्टि में मुश्किल हो रही है।
कोर्ट के निर्देश पर गठित हुई चार सदस्यीय कमेटी
इस मामले में कोर्ट ने साक्ष्यों के आधार पर पीड़ितों को जल्द गहने सौंपने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए एक चार सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जिसमें एसीपी विभूतिखंड, चिनहट इंस्पेक्टर, बैंक अधिकारी और मालखाना प्रभारी शामिल हैं। कमेटी के समक्ष ही शिनाख्त परेड करवाई जा रही है।
थाने में रही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
शिनाख्त परेड के दौरान सुरक्षा के लिहाज से चिनहट थाने के दोनों गेट बंद कर दिए गए थे। भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात थी। थाने में प्रवेश सिर्फ पूछताछ के बाद ही दिया गया।
ऐसे हुई थी चोरी
21 दिसंबर 2024 की रात नकाबपोश चोरों ने मटियारी स्थित बैंक की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और 90 में से 41 लॉकर तोड़ दिए, जिनमें से 38 में जेवरात थे। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर करोड़ों के गहने बरामद करने का दावा किया है।








