
- पुलिस पहुंची, एटीएम का शटर गिराया
- घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है
- मशीन की तकनीकी जांच के लिए बैंक को अलर्ट किया गया है
आगरा। मलपुरा थाना क्षेत्र के नगला बुद्धा में शनिवार को उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति बन गई जब एक एटीएम से ₹500 निकालने पर ₹1100 निकलने लगे। जानकारी फैलते ही एटीएम पर भीड़ उमड़ पड़ी। करीब 50 से 60 लोगों ने इसका फायदा उठाकर अतिरिक्त पैसे निकाल लिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
500 मांगे, 1100 मिले – तकनीकी गड़बड़ी से हुआ गड़बड़झाला
वन इंडिया बैंक का यह एटीएम नगला बुद्धा के पास स्थित है। शनिवार शाम कुछ लोगों ने जब ₹500 निकालने का विकल्प चुना, तो उन्हें ₹1100 नकद मिले। दोबारा ट्रांजैक्शन पर भी उतनी ही रकम निकली, जबकि खाते से केवल ₹500 ही कटे।
भीड़ जुटी, एटीएम बना ‘फ्री मनी मशीन’
इस खबर के फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते एटीएम पर लोगों की भीड़ जुट गई और सभी ₹500 के विकल्प से ट्रांजैक्शन करने लगे। हालांकि जिन लोगों ने ₹500 से अधिक की राशि निकाली, उन्हें अतिरिक्त रकम नहीं मिली।
पुलिस पहुंची, एटीएम बंद कराया
सूचना मिलने पर मलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए एक युवक से ₹500 निकलवाए गए तो उसके भी ₹1100 निकल आए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल एटीएम का शटर गिरवा दिया और मशीन को बंद करा दिया।
वीडियो वायरल, बैंक को भेजी गई सूचना
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने बैंक को भी तकनीकी गड़बड़ी की सूचना दी है। बैंक अधिकारी अब सिस्टम लॉग और मशीन की जांच कर रहे हैं।








