
- कानपुर काकादेव में 10वीं के छात्र ने हॉस्टल में की आत्महत्या
- चादर से फंदा लगाकर कमरे में लटका मिला शव
- कमरे से मिला सुसाइड नोट – “मम्मी-पापा का ध्यान रखना”
कानपुर। शहर के काकादेव इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 10वीं कक्षा के छात्र ने हॉस्टल के कमरे में चादर से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का खुलासा तब हुआ जब छात्र पूरे दिन कमरे से बाहर नहीं निकला। हॉस्टल कर्मियों ने जब खिड़की से झांका तो वह पंखे से लटका मिला।
कमरे से मिला सुसाइड नोट
मृतक की पहचान भोगनीपुर पुखरायां (कानपुर देहात) निवासी सृजन सिंह के रूप में हुई है। कमरे से बरामद सुसाइड नोट में उसने लिखा – “मैं अपने मन से आत्महत्या कर रहा हूं। मम्मी, पापा और भैया का ध्यान रखना।”
मौत से पहले मां से की थी बात
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात सृजन ने अपनी मां से फोन पर बात की थी। बातचीत में वह सामान्य और खुश नजर आ रहा था। इसके बाद उसने इंस्टाग्राम पर एक शायरी पोस्ट की –
“तुमसे दूर जाने का इरादा तो नहीं था… पर इतनी जल्दी भूल जाओगे हमें अंदाज़ा नहीं था।”
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला शव
रविवार को जब छात्र पूरे दिन कमरे से बाहर नहीं आया तो हॉस्टल कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांकने पर शव दिखाई दिया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और शव को बाहर निकाला।
परिवार और दोस्तों को नहीं था शक
मृतक का परिवार गांव में प्लास्टिक सामान की दुकान चलाता है। बड़े भाई ने बताया कि सृजन मेहनती और खुशमिजाज था, उसने कभी किसी तनाव का जिक्र नहीं किया। हॉस्टल संचालक ने भी बताया कि वह पढ़ाई में गंभीर रहता था और अकेले कमरे में रहता था।







