अंबेडकरनगर। करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव सिंह ने कहा कि संगठन विस्तार के तहत प्रदेश के सभी जिलों में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। करणी सेना जातिवाद के खिलाफ अभियान चलाएगी और समाज को बांटने की कोशिश करने वालों का विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन 50 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुका है। किसी भी जाति और मजहब का व्यक्ति चुनाव लड़ना चाहेगा तो उसे प्रत्याशी बनाने पर विचार किया जाएगा।
अंबेडकरनगर पहुंचे अभिनव सिंह ने कहा कि जातियों के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश हो रही है। सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने यूजीसी से जुड़े प्रावधानों को वापस लेने, आरक्षण व्यवस्था में सुधार और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुत्ववादी नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। संगठन इसका विरोध करेगा।
सरकार की नीतियों का विरोध करने की चेतावनी
अभिनव सिंह ने कहा कि यदि सरकार अपनी नीतियों पर विचार नहीं करती और सामाजिक विभाजन की स्थिति बनी रहती है तो करणी सेना संबंधित राजनीतिक दलों का विरोध करेगी। दिल्ली के घटनाक्रम पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। हालांकि, युवाओं का सड़कों पर उतरना भी दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को रोजगार और रोटी जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने पाठ्यक्रम में सनातन संस्कृति की शिक्षा अनिवार्य रूप से शामिल करने की वकालत की। कहा कि भगवान राम और कृष्ण की परंपरा सामाजिक समरसता का संदेश देती है। संगठन जातीय भेदभाव का विरोध करते हुए राष्ट्रहित के मुद्दे उठाता रहेगा।









