जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। हादसा रामगढ़ रोड से पेठिया रोड और अल्लीपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। घटना के बाद पुलिस और वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:45 बजे अल्लीपुर रोड से पेठिया रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर एक मोर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शी रितेश के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि मोर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से निकल गया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासी और हिंदू आर्मी के सेक्टर संयोजक व जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की मदद से घायल मोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया।
इसके बाद बेहतर उपचार के लिए उसे राजकीय पशु चिकित्सालय एवं कृत्रिम गर्भाधान केंद्र जलालपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मोर को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विनोद कुमार यादव ने बताया कि मोर के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
वन विभाग और पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलने पर डायल-112 की पीआरवी टीम भी मौके पर पहुंची। वन विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई। वन क्षेत्राधिकारी स्नेह कुमार मौर्य ने बताया कि वनरक्षक बृजेश यादव को मौके पर भेजकर जांच शुरू करा दी गई है। वाहन चालक की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









