कोटा। राजस्थान के कोटा स्थित छत्र विलास पार्क में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे एक लेपर्ड घुस गया। शहर के सबसे बड़े पब्लिक पार्क में लेपर्ड के पहुंचने की सूचना से वहां हलचल मच गई। लेपर्ड सीधे करीब 40 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर चढ़ गया।
पेड़ पर काफी ऊंचाई पर बैठे लेपर्ड को नीचे उतारना वन विभाग की टीम के लिए चुनौती बन गया। उसे सुरक्षित नीचे लाने के लिए ट्रैंकुलाइज करना जरूरी था।
पांच बार किया गया फायर
वन विभाग की टीम ने लेपर्ड को बेहोश करने के लिए ट्रैंकुलाइजर गन से पांच बार फायर किया। इनमें से एक फायर निशाने पर लगा और दवा का असर होने के बाद लेपर्ड बेहोश हो गया।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने पेड़ के नीचे लगाई गई नेट में लेपर्ड को सुरक्षित गिराया। इस तरह उसे बिना किसी बड़े नुकसान के नीचे उतार लिया गया।
मेडिकल के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा
डीएफओ प्रमोद धाकड़ ने बताया कि लेपर्ड का मेडिकल कराया जाएगा। स्वास्थ्य जांच पूरी होने के बाद उसे जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी।









