लखनऊ में तेज रफ्तार कार पलटी, रायबरेली के युवक की मौत; चार गंभीर

रायबरेली रोड पर कल्ली पश्चिम चौकी के पास हादसा, डिवाइडर की रेलिंग तोड़कर दूसरी ओर पलटी कार; स्टेयरिंग के पास फंसे युवक को पुलिस ने निकाला

लखनऊ। राजधानी के रायबरेली रोड पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को पीजीआई स्थित एपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रायबरेली निवासी उत्कर्ष (26) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल चार अन्य लोगों का इलाज चल रहा है।

कल्ली पश्चिम चौकी के पास हुआ हादसा

हादसा शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे कल्ली पश्चिम पुलिस चौकी के पास हुआ। बताया गया कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर की लोहे की रेलिंग टूट गई और उसके टुकड़े सड़क किनारे बिखर गए। दुर्घटना में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

स्टेयरिंग के पास फंसा था युवक

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कार में सवार एक युवक स्टेयरिंग के पास फंस गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से उसे अस्पताल भेजा गया। कार में सवार अन्य घायल लोगों को भी उपचार के लिए पीजीआई स्थित एपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।

एक की मौत, चार घायलों का इलाज जारी

ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने रायबरेली निवासी उत्कर्ष को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल चार अन्य लोगों का उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार और सड़क पर बिखरी रेलिंग के टुकड़ों से मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button