- चारबाग पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका
- मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने पहुंचे थे कोटेदार
- मांगें पूरी न होने पर अगस्त में राशन वितरण रोकने की चेतावनी
लखनऊ। लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर से आए सैकड़ों कोटेदार मंगलवार को राजधानी लखनऊ पहुंचे। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के बैनर तले जुटे कोटेदार चारबाग से विधानसभा तक पैदल मार्च निकालकर घेराव करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें चारबाग पर ही रोक लिया।
पुलिस ने आगे बढ़ने से रोका
भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद सभी कोटेदारों को बसों में बैठाकर इको गार्डन भेज दिया गया।
मुख्यमंत्री को सौंपना था ज्ञापन
कोटेदार अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। संगठन का कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
राशन वितरण रोकने की चेतावनी
ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं किया तो अगस्त महीने में पूरे उत्तर प्रदेश में राशन वितरण नहीं किया जाएगा। संगठन के अनुसार, इस आंदोलन की घोषणा पहले ही विभिन्न जिलों में आयोजित बैठकों के माध्यम से की जा चुकी है।









