लखनऊ। लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मां ने मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए उसके दो दोस्तों पर शक जताया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोस्तों के साथ कॉलेज गया था युवक
कृष्णानगर थाना क्षेत्र के जेके सिटी, अलीनगर सुनहरा निवासी रिंकी पत्नी मन्नू के मुताबिक, 31 अगस्त की सुबह उनका बेटा अपने दोस्तों अरुण और दीपेंद्र के साथ चंद्रभान गुप्ता कॉलेज, बिजनौर गया था। दोपहर करीब 1:30 बजे बेटे के दोस्तों ने उसके मोबाइल से फोन कर बताया कि कॉलेज के पास उसका एक्सीडेंट हो गया है।
अस्पताल में बेहोशी की हालत में मिला
सूचना मिलने के बाद रिंकी तत्काल सरोजनीनगर स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचीं। वहां उनका बेटा बेहोशी की हालत में मिला। उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे पराग स्थित मेडिकन अस्पताल ले जाने की सलाह दी, जहां उसका इलाज चल रहा था।
दो दिन बाद इलाज के दौरान मौत
मेडिकन अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की दो दिन बाद मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद उसकी मां ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए इसे संदिग्ध बताया। उन्होंने युवक के साथ गए अरुण और दीपेंद्र की भूमिका पर भी संदेह जताया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
रिंकी की शिकायत के आधार पर बिजनौर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और युवक के दोस्तों से पूछताछ समेत अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।









