- दुबग्गा में युवक हिरासत में
- 500 रुपये के 13 संदिग्ध नोट बरामद
- सभी नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे
- दुकानदारों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
लखनऊ। लखनऊ के दुबग्गा इलाके में 500 रुपये के 13 संदिग्ध नोटों के साथ एक युवक को पकड़ लिया गया। आरोप है कि युवक कई दुकानों पर इन नोटों से खरीदारी कर रहा था। दुकानदारों को नोट संदिग्ध लगने पर उन्होंने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को झाखरबाग चौराहे पर युवक ने कई दुकानों से सामान खरीदा। एक दुकानदार को 500 रुपये का नोट संदिग्ध लगा, जिसके बाद अन्य व्यापारियों को बुलाया गया। मौके पर भीड़ जुट गई और युवक को पकड़ लिया गया।
सूचना मिलने पर दुबग्गा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने विभिन्न दुकानों से मिले 500 रुपये के 13 संदिग्ध नोट जब्त कर लिए। बताया जा रहा है कि सभी नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे थे। हालांकि, नोटों का रंग पानी से छूटने के दावे की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के अनुसार, युवक ने अपनी पहचान रहीमाबाद थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी संजीव मिश्रा के रूप में बताई है। नोटों की जांच विशेषज्ञों से कराई जाएगी। रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नोट असली हैं या नकली। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संदिग्ध नोट उसके पास कहां से आए।









