लखनऊ। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पिछले दो हफ्तों से पानी से घिरे इस इलाके में 50 हजार से ज्यादा घरों में पांच फीट तक पानी भरने की बात सामने आई है। एक मंजिला मकानों में रहने वाले लोग छतों पर तिरपाल डालकर दिन गुजारने को मजबूर हैं। लंबे समय से जलभराव के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में परेशानी हो रही है।
राजस्थान के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से बुधवार को पश्चिमी जिलों में मौसम बदल गया। जयपुर समेत 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में बदलाव के चलते कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे पर स्थित जोजिला दर्रे में बर्फबारी हुई। यह दर्रा कश्मीर को लद्दाख से जोड़ता है। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम और आसपास के इलाकों में भी बर्फ गिरी। इसके अलावा गुलमर्ग, सोनमर्ग, राजदान टॉप और गुरेज के तुलैल में भी बर्फबारी दर्ज की गई।
दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
दक्षिण कर्नाटक में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रायलसीमा और आंध्र प्रदेश में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और रायलसीमा में तेज बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। दूसरी ओर, कोंकण और गोवा में मौसम गर्म और उमस भरा रहने का अनुमान है।
17 अक्टूबर को भी कई राज्यों में बारिश की संभावना
17 अक्टूबर को तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, रायलसीमा और पुडुचेरी में भारी बारिश का यलो अलर्ट है। रायलसीमा और आंध्र प्रदेश में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।









