- स्थापना दिवस पर विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
- अवनीश अवस्थी ने छात्रों को AI पर दिए सुझाव
- सोशल मीडिया से दूरी बनाने की दी सलाह
लखनऊ। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) लखनऊ का 42वां स्थापना दिवस सोमवार को उत्साह के साथ मनाया गया। कैंपस स्थित उत्सव हॉल में आयोजित समारोह में पब्लिक पॉलिसी, प्रौद्योगिकी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई विशेषज्ञों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य विषय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन रहा।
अवनीश अवस्थी ने छात्रों को दिए सुझाव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने की-नोट स्पीकर के रूप में छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश की सेवा के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है। साथ ही छात्रों को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया से सीमित दूरी बनाए रखें और अपना अधिक समय सीखने तथा कौशल विकास में लगाएं।
AI और डिजिटल बदलाव पर चर्चा
स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सेमिनार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बदलती तकनीकों और उनके भविष्य पर अपने विचार साझा किए।
विशेषज्ञों ने रखे अपने विचार
कार्यक्रम में वर्ल्ड बैंक के सीनियर डिजिटल डेवलपमेंट हेड अरुण शर्मा, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (BCG) इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं पार्टनर सिद्धार्थ मदान तथा रणनीतिक सलाहकार एवं ऑपरेटिंग पार्टनर शिवी मिथल सहित कई विशेषज्ञ शामिल हुए। उन्होंने डिजिटल नवाचार, तकनीकी बदलाव और भविष्य की चुनौतियों पर छात्रों को मार्गदर्शन दिया।









