लखनऊ में होमगार्ड ने पत्नी और बेटी की हत्या की, खुद थाने पहुंचा

सोते समय तार से घोंटा गला, डायल-112 पर फोन कर कहा- मैंने मर्डर कर दिया; बेटी से विवाद की बात आई सामने

लखनऊ। राजधानी के कृष्णानगर इलाके में एक होमगार्ड ने अपनी पत्नी और बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे आरोपी ने सोते समय तार से दोनों का गला घोंट दिया। वारदात के बाद उसने खुद पुलिस को फोन कर कहा, “मैंने मर्डर कर दिया है।” इसके बाद वह थाने भी पहुंच गया। पुलिस आरोपी को लेकर घर पहुंची, जहां पत्नी और बेटी के शव अलग-अलग मंजिलों पर पड़े मिले।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान भोला खेड़ा निवासी रविंद्र शंकर गुप्ता (56) के रूप में हुई है। उसकी पत्नी श्याम दुलारी (50) का शव मकान की पहली मंजिल और बेटी पूजा साहू (32) का शव ग्राउंड फ्लोर पर मिला। दोनों के गले पर निशान थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

डायल-112 पर फोन कर हत्या की सूचना दी

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने सुबह करीब साढ़े चार बजे गुजरात में रहने वाली अपनी मझली बेटी रूबी को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद बेटे को भी बताया और फिर डायल-112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी। वह खुद थाने पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस उसे लेकर घर पहुंची।

घटना की जानकारी मिलते ही बेटा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मौके पर पहुंचा। इसके बाद घर में मौजूद छोटी बेटी को भी वारदात का पता चला। रूबी भी घटना की जानकारी मिलने पर फ्लाइट से गुजरात से लखनऊ पहुंची।

बेटी की दो शादियां हुई थीं, दोनों बार तलाक

पुलिस के मुताबिक, पूजा साहू की पहली शादी वर्ष 2017 में हुई थी। पहले पति से तलाक के बाद उसने वर्ष 2022 में दूसरी शादी की, लेकिन यह रिश्ता भी तलाक पर समाप्त हो गया। इसके बाद वह अपनी बेटी काव्या के साथ पिता के घर रह रही थी।

परिवार में रविंद्र शंकर और श्याम दुलारी की तीन बेटियां और एक बेटा है। मझली बेटी रूबी गुजरात में अपने पति के साथ रहती है, जबकि छोटी बेटी प्रिया की शादी नहीं हुई है। बेटा विनय उर्फ सूर्य प्रकाश अपनी पत्नी और तीन साल के बेटे के साथ पारा इलाके में रहता है।

युवक से बातचीत को लेकर घर में विवाद की बात

डीसीपी मोहम्मद मुस्ताक के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूजा किसी युवक से बातचीत करती थी। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होने की जानकारी मिली है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या की वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम रविंद्र ने दावत के लिए बेटे, बहू और नाती को घर बुलाया था। खाना खाने के बाद तीनों रात में अपने घर चले गए। इसके बाद तड़के वारदात हुई। जिस समय हत्या हुई, छोटी बेटी अपनी बहन की बेटी के साथ दूसरे कमरे में थी। इस कारण उसे तत्काल घटना की जानकारी नहीं हो सकी।

पत्नी पहले भी घर छोड़कर चली गई थी

इंस्पेक्टर प्रद्युम्न सिंह के अनुसार, वर्ष 2025 में श्याम दुलारी गहने लेकर घर से चली गई थीं। रविंद्र ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में वह एक रिश्तेदार के घर से बरामद हुई थीं। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पारिवारिक विवाद, घटना से पहले की परिस्थितियों और आरोपी के बयान समेत सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/abhishek-sharma-virat-kohli-rohit-dhoni-skills/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button