लखनऊ। लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के बिरूरा गांव स्थित वृंदावन पब्लिक स्कूल में कक्षा छह के 12 वर्षीय छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद स्कूल के सीनियर शिक्षक ने छात्र के चेहरे पर कई मुक्के मारे। इससे उसका एक दांत टूट गया और मुंह में चोट आई। परिजनों ने पीजीआई थाने में लिखित शिकायत दी है।
छुट्टी के बाद कमरे में बुलाकर पीटा
मोहनलालगंज नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार का बेटा शशांक वृंदावन पब्लिक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता है। पढ़ाई के लिए वह पीजीआई क्षेत्र के सेंवई में अपने फूफा रोशन लाल के घर रह रहा है। परिजनों के मुताबिक, सोमवार को स्कूल में कुछ बच्चों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि छुट्टी के बाद इसी विवाद को लेकर सीनियर शिक्षक ने शशांक को एक कमरे में बुलाया।
पिटाई से टूटा दांत, मुंह से निकला खून
परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने छात्र के चेहरे पर कई मुक्के मारे। पिटाई के कारण उसके मुंह में गंभीर चोट आई और एक दांत टूट गया। स्कूल से घर पहुंचने पर उसके मुंह से खून निकल रहा था। दर्द से परेशान शशांक ने रोते हुए परिजनों को पूरी घटना बताई।
थाने में दी लिखित शिकायत
घटना के बाद छात्र के परिजनों ने पीजीआई थाने में लिखित शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।









