लखनऊ में शराब पार्टी के दौरान युवक की हत्या, दोस्त फरार

ईंट और लोहे की रॉड से सिर पर कई वार करने का आरोप, कमरे के बाहर घायल मिला सुखपाल; गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित

लखनऊ। राजधानी के कनौसी इलाके में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में 28 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके दोस्त ने ईंट और लोहे की रॉड से सिर पर कई वार किए। शुक्रवार सुबह युवक कमरे के बाहर घायल अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।

हरदोई का रहने वाला था सुखपाल

मृतक की पहचान हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र के भोटा गांव निवासी सुखपाल (28) के रूप में हुई है। वह पेशे से पेंटर था और पिछले करीब 10 साल से लखनऊ के कनौसी इलाके में रह रहा था। वह गोलू पाल के प्लांट परिसर में बने एक कमरे में किराये पर रहता था।

कमरे के बाहर घायल हालत में मिला युवक

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को दूरभाष के जरिए सूचना मिली कि सुखपाल अपने कमरे के बाहर घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुखपाल और उसके दोस्त के बीच शराब पार्टी के दौरान विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान दोस्त ने ईंट और लोहे की रॉड से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

आरोपी की तलाश में चार टीमें गठित

हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही विवाद की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/lucknow-homeguard-wife-daughter-murder/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button